
गिरिडीह: नगर निकाय चुनाव के बीच गिरिडीह से तनाव की खबर सामने आई है। छिटपुट हिंसा की घटनाओं के बीच मतदान जारी है, लेकिन इसी दौरान निगम के वार्ड संख्या 27 स्थित बुलाकी रोड के बूथ संख्या 1 और 2 पर माहौल अचानक गरमा गया। यहां दो वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए।
नोकझोंक से शुरू हुआ विवाद, मारपीट तक पहुंचा मामला
बताया जा रहा है कि पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते बहस तेज हो गई और मामूली विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। कुछ ही पलों में मतदान केंद्र के आसपास अफरा-तफरी मच गई। इस झड़प में करीब चार लोगों के घायल होने की जानकारी है।
मौके पर पहुंचा प्रशासन, हल्का लाठीचार्ज
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, एसडीपीओ जीतवाहन ओरांव और डीएसपी नीरज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया और दोनों पक्षों को वहां से हटाया।
फिर पटरी पर लौटा मतदान
डीएसपी नीरज सिंह ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। दोनों बूथों पर मतदान दोबारा शांतिपूर्ण तरीके से शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
