पाकुड़ में दर्दनाक रेल हादसा: वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आया परिवार, तीन की मौके पर मौत

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पाकुड़: पाकुड़ जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में एक पुरुष, एक महिला और एक छोटा बच्चा शामिल हैं। आशंका जताई जा रही है कि तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे। यह हादसा मंगलवार की देर शाम नगर नबी रेलवे स्टेशन के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 7:10 बजे डाउन लाइन से वंदे भारत एक्सप्रेस गुजर रही थी। उसी दौरान तीनों लोग रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि उन्हें संभलने या हटने का कोई मौका ही नहीं मिला। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल शवों की पहचान नहीं हो सकी है। मृतकों की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों और पंचायत प्रतिनिधियों से संपर्क किया जा रहा है।

हादसे की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि जांच में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए रेलवे पुलिस ने लोगों को ट्रैक से दूर रखा। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक पति-पत्नी और उनका बच्चा हो सकते हैं, जो संभवतः किसी जरूरी काम से रेलवे लाइन पार कर रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।