ब्रेन हैमरेज के बाद ICU में भर्ती हुए सलमान खान के पिता सलीम खान, आमिर खान ने दिया हेल्थ अपडेट, कहा- दुआओं की है जरूरत

Vinita Choubey
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

डेस्क : बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के परिवार पर इस वक्त मुश्किलों का दौर चल रहा है। घर के मुखिया और दिग्गज लेखक सलीम खान को 17 फरवरी को मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ था और फिलहाल वह ICU में डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनकी तबीयत की खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री के बड़े-बड़े सितारे अस्पताल पहुंच रहे हैं। बीती रात आमिर खान भी सलीम खान से मिलने अस्पताल पहुंचे। बाहर निकलते ही उन्होंने मीडिया को उनकी सेहत को लेकर अहम जानकारी दी।

दुआओं की जरूरत है-आमिर खान

मीडिया से बातचीत में आमिर खान ने बताया कि सलीम साहब अभी भी ICU में हैं. डॉक्टर लगातार उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं। आमिर ने कहा-मैं सलीम साहब से मिलने गया था और उनके परिवार के साथ काफी समय बिताया। वह ICU में हैं, इसलिए मैं उनसे सीधे तौर पर नहीं मिल पाया। लेकिन उनकी बेटी अलवीरा ने बताया कि उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। हम सब यही दुआ कर रहे हैं कि वह जल्द ठीक होकर घर लौट आएं। फिलहाल उन्हें दुआओं की जरूरत है।

डॉक्टर ने दी हेल्थ अपडेट

सलीम खान का इलाज कर रहे मशहूर डॉक्टर जलील पारकर ने उनकी बीमारी को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सलीम खान को हल्का ब्रेन हेमरेज हुआ था। उनकी स्थिति को देखते हुए सुबह डीएसए (DSA) नाम का एक प्रोसीजर किया गया। राहत की बात यह है कि फिलहाल उन्हें किसी बड़ी सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ी है। वहीं वेंटिलेटर को लेकर उठ रहे सवालों पर डॉक्टर ने साफ किया किउन्हें एहतियात के तौर पर वेंटिलेटर पर रखा गया था ताकि उनकी हालत बिगड़े नहीं और जरूरी जांच की जा सके। उनकी उम्र को देखते हुए रिकवरी में थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें वेंटिलेटर से हटा लिया जाएगा।

सितारों का अस्पताल में तांता

जैसे ही सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर आई, बॉलीवुड सितारों का अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया। अब तक जावेद अख्तर, संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी, संगीता बिजलानी और अमृता अरोड़ा जैसे कई सितारे उनका हालचाल जानने पहुंच चुके हैं। सोशल मीडिया पर भी सलमान खान के फैंस लगातार सलीम खान की सलामती की दुआ कर रहे हैं। 89 साल के सलीम खान ने भारतीय सिनेमा को शोले और दीवार जैसी यादगार फिल्में दी हैं। ऐसे में पूरा देश उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है।

Share This Article