
Municipal Elections Result: बुंडू:बुंडू नगर निकाय चुनाव 2026 में शानदार जीत दर्ज करने के बाद अध्यक्ष पद के विजेता जितेंद्र उरांव उर्फ बड़का के बुंडू पहुंचते ही पूरे नगर में उत्सव का माहौल बन गया।
4007 वोटों के साथ जीत हासिल करने वाले जितेंद्र उरांव का नगरवासियों ने ताशा-बाजा और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
बुंडू पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया और उनका आशीर्वाद लिया।

इसके बाद बुंडू नगर में आभार यात्रा निकाली गई, जहां बड़ी संख्या में समर्थक और नगरवासी शामिल हुए। जुलूस के दौरान वे हाथ जोड़कर झुककर लोगों का अभिवादन करते रहे और समर्थन के लिए धन्यवाद देते नजर आए।
जीत के बाद उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि बुंडू नगर पंचायत (Bundu Nagar Panchayat) के हर उस नागरिक की जीत है जिसने शहर को बेहतर और विकसित बनाने का सपना देखा है।
उन्होंने अपनी पहली प्राथमिकता बुंडू बड़ा तालाब की सफाई और सौंदर्यीकरण को बताया तथा कहा कि इस कार्य को हर हाल में पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी, हर्षवर्धन शर्मा सहित कई कार्यकर्ता और नगर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
