
रांची : राजधानी रांची से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। चुटिया थाना क्षेत्र के सिरमटोली ब्रिज पर बीती रात एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान क्लाजिस केरकेट्टा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि क्लाजिस ब्रिज पर स्कूटी चलाना सीख रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी स्कूटी अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह संतुलन खो बैठा और नीचे गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। इस मामले में थाना प्रभारी पूनम कुजूर ने बताया कि रात में ही घटना की जानकारी मिल गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि युवक के परिजनों से संपर्क कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
