
JAC releases JTET 2026 Advertisement : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) के आयोजन को लेकर झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) ने बहुप्रतीक्षित विज्ञापन जारी कर दिया है।
जारी विज्ञापन (संख्या 24/2026) के अनुसार अभ्यर्थी 21 अप्रैल 2026 से 21 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
जैक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को भी इस बार दोबारा आवेदन करना होगा। हालांकि, ऐसे अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क का भुगतान नहीं करना पड़ेगा।
यह परीक्षा दो स्तरों पर आयोजित की जाएगी—प्रारंभिक विद्यालय स्तर (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक विद्यालय स्तर (कक्षा 6 से 8)। अभ्यर्थियों को दोनों स्तर की परीक्षाओं में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।
दोनों परीक्षाओं के लिए ढाई घंटे का समय निर्धारित किया गया है। वहीं, दृष्टिबाधित एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त 30 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा पूरी तरह वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) होगी।
न्यूनतम उत्तीर्णांक की बात करें तो सामान्य और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 60 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। वहीं, ओबीसी वर्ग के लिए 55 प्रतिशत और एसटी, एससी तथा विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 52 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।
लंबे समय से जेटेट परीक्षा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अपडेट माना जा रहा है।
