गरीब-गुरबों को रहने का आवास नहीं, हेमंत सोरेन झारखंड में बनाएंगे शीश महल : आदित्य साहू

भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर 100 करोड़ के मुख्यमंत्री आवास निर्माण को लेकर फिजूलखर्ची का आरोप लगाया, कहा जनता के पैसों का दुरुपयोग हो रहा है।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुगल बादशाहों की तरह शासन कर रहे हैं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रविवार को प्रदेश मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर हेमंत सरकार के 100 करोड़ से ज्यादा की लागत से मुख्यमंत्री आवास बनाए जाने का विरोध किया। श्री साहू ने कहा कि खुद को गरीबों की सरकार का अगुआ कहने वाले मुख्यमंत्री जी ₹ 100 करोड़ का जो शीश महल बना रहे हैं,वह झारखंड के आदिवासी-मूलवासी जनता की गाढ़ी कमाई की फिजूल खर्ची है। आदित्य साहूने कहा कि भवन निर्माण विभाग ने जो टेंडर जारी किया है उसके अनुसार इसकी कुल लागत 67 करोड़ है। इसमें इंटीरियर और फर्नीचर का खर्च नहीं जोड़ा गया है। बनते-बनते इसकी लागत 100 करोड़ से भी ज्यादा होगी। शीश महल का टेंडर 2 अप्रैल को वेबसाइट पर अपलोड होगा। 29 अप्रैल टेंडर जमा करने की आखिरी तिथि होगी। 30 अप्रैल को शीश महल का टेंडर खुलेगा। 8 अप्रैल को प्री बीड बैठक होगी।

आदित्य साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुगल बादशाहों की तरह शासन कर रहे हैं। शीश महल में फिजूल खर्ची ऐसी है कि दो करोड़ का फव्वारा और ढाई करोड़ का गार्डन बनेगा। मुख्य बैठक खाने में शीशे का आलीशान ड्राइंग रूम होगा।जिसका शीशा विदेश से मंगाया जा रहा है।भवन में लगाए जाने वाले टाइल्स को इटली से मंगाया जाएगा। इसके अतिरिक्त भवन में आधुनिक जकूजी, सोना बाथ और मसाज रूम पर भी करोड़ों रुपए खर्च किए जाएंगे।

श्री साहू ने कहा कि कैग की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली के अरविंद केजरीवाल का शीश महल शुरुआत में लगभग 8.30 करोड़ रुपयों का था। बाद में विलासिता की चीजों को जोड़ते हुए यह 33.66 करोड़ रुपयों का हो गया। यानी 342% की वृद्धि। हेमंत का शीश महल तो केजरीवाल के शीश महल से भी लगभग तीन गुना से ज्यादा अभी ही महंगा है। श्री साहू ने कहा कि राज्य में गरीबों को अबुआ आवास, वृद्धा पेंशन, धान की खरीद का भुगतान नहीं मिल रहा। लेकिन सीएम साहब अपने लिए शीश महल बनवा रहे।

उन्होंने  कहा कि भाजपा शीश महल का कड़ा विरोध करती है। झारखंडियों के खून-पसीने की कमाई शीश महल में नहीं लगने देगी।श्री साहू ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री शीश महल के अपने शौक को नहीं छोड़ते है तो भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर इसका प्रजातांत्रिक तरीके से विरोध करेगा प्रेसवार्ता में प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र सिंह, मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रवक्ता प्रतुल शाह देव और राफिया नाज भी उपस्थित रहे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।