
रांची: झारखंड के सरकारी विभागों में कार्यरत चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लिपिकीय संवर्ग के पदों पर पदोन्नति को लेकर कार्मिक विभाग ने नई अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत निम्नवर्गीय लिपिक और कनीय सचिवालय सहायक के 15 प्रतिशत पदों को सीमित प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से भरा जाएगा।
जारी अधिसूचना के अनुसार, नई नियमावली में ऑनलाइन सीमित प्रतियोगिता परीक्षा, कर्मचारियों की पात्रता और अन्य शर्तों को स्पष्ट रूप से निर्धारित किया गया है। सचिवालय और उससे संलग्न कार्यालयों में रिक्त पदों के लिए नियमानुसार रोस्टर क्लीयरेंस कराने के बाद अधियाचना भेजी जाएगी, जिसके पश्चात आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
वहीं, समाहरणालय स्तर पर भी रिक्तियों का रोस्टर क्लीयरेंस किया जाएगा और आरक्षण वर्गवार पदों की सूची भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग को भेजी जाएगी।
इस परीक्षा का आयोजन झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। संबंधित विभाग, कार्मिक विभाग के जरिए आयोग को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में लिखित परीक्षा होगी, जिसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में सामान्य अध्ययन, विज्ञान, गणित, झारखंड से संबंधित सामान्य ज्ञान, हिंदी भाषा व व्याकरण, कार्यालय संचालन से जुड़े विषय और कंप्यूटर के मौलिक ज्ञान से प्रश्न शामिल होंगे। दूसरे चरण में कौशल जांच की जाएगी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को हिंदी टंकण (टाइपिंग) परीक्षा देनी होगी, जिसके आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
