झारखंड में JTET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 अप्रैल से शुरू, शिक्षक बनने का अवसर

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन 21 अप्रैल से शुरू, प्राथमिक और उच्च प्राथमिक शिक्षक पदों के लिए उम्र सीमा, नियम और आरक्षण की जानकारी जरूरी।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 अप्रैल से शुरू होकर 21 मई 2026 तक चलेगी। इसकी आधिकारिक सूचना राज्य सरकार द्वारा जारी कर दी गई है।

राज्य सरकार ने झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा नियमावली 2026 के तहत विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। यह परीक्षा राज्य के प्रारंभिक विद्यालयों (प्राथमिक कक्षा 1 से 5 और उच्च प्राथमिक कक्षा 6 से 8) में शिक्षक पद पर नियुक्ति के लिए पात्रता निर्धारित करने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है।

जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में विज्ञापन संख्या 30/2024 के तहत आवेदन किया था, उन्हें भी दोबारा आवेदन करना अनिवार्य होगा। हालांकि, ऐसे अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। नए नियमों के अनुसार अभ्यर्थियों को भाषा-2 का चयन करना होगा और पोर्टल पर आवश्यक जानकारी अपडेट करनी होगी।

प्राथमिक (कक्षा 1–5) और उच्च प्राथमिक (कक्षा 6–8) के शिक्षकों के लिए योग्यता अधिसूचना संख्या 487 (दिनांक 26.03.2026) में निर्धारित है। विज्ञापन के अनुसार अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और दिव्यांग अभ्यर्थियों को न्यूनतम अंकों में 5% की छूट दी जाएगी।

जो उम्मीदवार निर्धारित प्रशिक्षण की परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, वे भी आवेदन कर सकते हैं। लेकिन ऐसे अभ्यर्थियों को अंतिम अंकपत्र निर्धारित तिथि तक जमा करना होगा और परीक्षा परिणाम प्रकाशित होने से पहले सत्यापन कराना होगा। इस संबंध में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) के दिशा-निर्देश और उच्चतम न्यायालय के आदेश भी लागू होंगे।

अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष (1 अगस्त 2026 तक) तय की गई है, वहीं अधिकतम आयु राज्य सरकार के नियमानुसार निर्धारित होगी। पारा शिक्षकों को सेवा अवधि के बराबर छूट (अधिकतम 58 वर्ष तक) और 2016 से 2026 के बीच परीक्षा अंतराल को देखते हुए अधिकतम 9 वर्ष की आयु छूट दी जाएगी।

अभ्यर्थी परीक्षा से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।