
नई दिल्ली: वित्तीय वर्ष 2025-26 का आज आखिरी कारोबारी दिन है। क्योंकि मंगलवार 31 मार्च को देश के कई राज्यों में बैंक और शेयर बाजार दोनों बंद रहेंगे। दरअसल, महावीर जयंती के अवसर पर दिल्ली, लखनऊ, पटना, रांची समेत देश के ज्यादातर हिस्सों में बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो उसे आज ही पूरा कर लेना बेहतर रहेगा।
1 अप्रैल से शुरू होगा नया वित्तीय वर्ष
1 अप्रैल से नया वित्तीय वर्ष 2026-27 शुरू हो जाएगा। शेयर बाजार के नजरिये से देखें तो आमतौर पर निफ्टी की एक्सपायरी महीने के आखिरी मंगलवार को होती है, लेकिन इस बार छुट्टी के कारण एक्सपायरी सोमवार यानी 30 मार्च को ही हो रही है।
निवेशकों के लिए मुश्किल रहा यह साल
अगर पूरे वित्तीय वर्ष पर नजर डालें, तो शेयर बाजार निवेशकों के लिए यह साल ज्यादा अच्छा नहीं रहा। 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 तक निफ्टी ने करीब 3 फीसदी का निगेटिव रिटर्न दिया। वहीं सेंसेक्स में भी करीब 5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। यानी पूरे साल में निवेशकों को खास मुनाफा नहीं मिल सका। कई बड़े स्टॉक्स का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा।
बड़े शेयरों ने भी किया निराश
देश के बड़े बैंक HDFC ने इस दौरान करीब 15 फीसदी का निगेटिव रिटर्न दिया। ICICI बैंक भी लगभग 8 फीसदी नीचे रहा। Asian Paints के शेयर में करीब 6 फीसदी की गिरावट आई। वहीं देश की बड़ी आईटी कंपनी TCS के शेयर तो इस साल करीब 34 फीसदी तक टूट गए। कुल मिलाकर FY26 शेयर बाजार निवेशकों के लिए कड़वा अनुभव लेकर आया।
सोना-चांदी बने निवेशकों का सहारा
जहां शेयर बाजार ने निराश किया, वहीं सोना और चांदी ने शानदार रिटर्न देकर निवेशकों को राहत दी। वित्तीय वर्ष 2025-26 में सोने ने 60 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया, जबकि चांदी की कीमतें दोगुनी से भी ज्यादा बढ़ गईं। ऐसे में एक बार फिर मुश्किल समय में सोना-चांदी निवेशकों के लिए सुरक्षित विकल्प साबित हुए।
