इस बार देश में गर्मी छुड़ायेगी पसीने, आईएमडी ने की भविष्यवाणी

आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान में अप्रैल से जून के बीच देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी वाले दिनों के बढ़ने की आशंका, वहीं कई क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों तथा दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीप में अप्रैल से जून के बीच भीषण गर्मी वाले दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को अपने मासिक पूर्वानुमान में यह बात कही। आईएमडी के मुताबिक, अप्रैल से जून के बीच देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम रहने का अनुमान है। विभाग ने बताया कि पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों तथा मध्य भारत के पूर्वी भागों और उससे सटे प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

आईएमडी के अनुसार, गर्मी के मौसम (अप्रैल-मई-जून) के दौरान महाराष्ट्र और तेलंगाना के कुछ इलाकों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। विभाग ने कहा कि अप्रैल में देश के कई हिस्सों में मासिक अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। हालांकि, आईएमडी ने कहा कि अप्रैल में पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के कई हिस्सों तथा उत्तर-पश्चिमी भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में मासिक अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है।

विभाग ने बताया कि देश के अधिकांश हिस्सों में मासिक न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, सिवाय दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ क्षेत्रों के, जहां अप्रैल के दौरान मासिक न्यूनतम तापमान सामान्य रहने का अनुमान है। आईएमडी ने कहा कि अप्रैल में देश में औसतन सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। विभाग ने कहा, “पूर्वोत्तर भारत को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान है। पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा होने की आशंका है।’

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।