
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने बीजू पटनायक पर दिए अपने बयान पर माफ़ी मांगी है। निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि पिछले हफ़्ते मीडिया से बात करते हुए मैंने नेहरू-गांधी परिवार के कारनामों के क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और भारत के अग्रणी नेताओं में स्थान रखने वाले आदरणीय बीजू पटनायक जी के संदर्भ में मेरी बातों से ग़लत अर्थ निकाला गया।
उन्होंने लिखा कि यह मेरा व्यक्तिगत बयान है। नेहरू जी के पर दिए गए मेरे विचार को बीजू बाबू के ऊपर समझा गया। बीजू बाबू हमारे लिए हमेशा ऊंचे क़द के स्टेट्समैन रहे हैं और रहेंगे। मेरे वक्तव्य से यदि भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं बिना शर्त क्षमा चाहता हूं।
पीटीआई के मुताबिक़, बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने 27 मार्च को एक बयान में दावा किया, 1960 के दशक में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और सीआईए के बीच बीजू पटनायक लिंक थे। इस पर ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कड़ी आपत्ति जताई थी। वहीं, बीजेडी सांसद सस्मित पात्रा ने विरोध जताते हुए संचार और आईटी समिति से इस्तीफ़ा दे दिया था।
