
देवघर: जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार ने एक अहम आदेश जारी करते हुए 17 पुलिस अधिकारियों का तबादला कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पुलिस विभाग का मानना है कि इस बड़े स्तर पर किए गए बदलाव से थानों की कार्यप्रणाली में सुधार आएगा और अपराधियों पर सख्ती से लगाम कसने में मदद मिलेगी। एसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे तत्काल अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान दें।
किसे मिली कहां की जिम्मेदारी?
जारी आदेश के अनुसार, एसआई सालो हेंब्रम को पालाजोरी से हटाकर मोहनपुर थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं एसआई प्रशांत कुमार-1 को एसपी कार्यालय से देवीपुर थाना भेजा गया है। इसके अलावा, एसआई संदीप कुमार को सारवां थाना और एसआई विपिन कुमार को चित्रा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। एसआई मनोरंजन महतो को बुढ़ई, एसआई मोतीराम देवगम को पथरड्डा ओपी और एसआई संजय कुमार-1 को पालाजोरी थाना प्रभारी बनाया गया है। एसआई दिलीप मुंडा को नगर थाना से हटाकर अब यातायात थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं एसआई संदीप कृष्णा को तकनीकी कोषांग और एसआई कौशल कुमार सिंह को जिला नियंत्रण कक्ष में पदस्थापित किया गया है। एसआई विकास पासवान और एसआई रूपेश कुमार महतो को नगर थाना में तैनाती दी गई है, जबकि एसआई सामु बांडों को कुंडा थाना भेजा गया है। बाबा मंदिर थाना की जिम्मेदारी एसआई प्रियरंजन कुमार को सौंपी गई है। वहीं एएसआई फैज अहमद खान को नगर थाना से हटाकर पुलिस केंद्र भेज दिया गया है।
