
रांची: राजधानी रांची की पंडरा बाजार समिति में बड़ी वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। झारखंड राज्य कृषि विपणन पर्षद ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बाजार पर्यवेक्षक साधन कुमार को निलंबित कर दिया है। पर्षद के अध्यक्ष रबीन्द्र सिंह ने बताया कि साधन कुमार को अधिकतम 10 हजार रुपये तक का चेक जारी करने का अधिकार था। लेकिन नियमों की अनदेखी करते हुए उन्होंने करीब 4 करोड़ रुपये का चेक जारी कर दिया, जिसका भुगतान बैंक के माध्यम से हो चुका है। इस गंभीर मामले में बैंक को भी शामिल कर भुगतान प्रक्रिया की जांच शुरू कर दी गई है।
एजी से जांच की भी अपील
मामले की गंभीरता को देखते हुए पर्षद ने एजी से भी जांच कराने का अनुरोध किया है। साधन कुमार के खिलाफ पहले भी ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया गया था। उन पर वित्तीय अनियमितता, वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, उच्च न्यायालय के निर्देशों की अनदेखी और अनुशासनहीनता जैसे आरोप हैं।
पंडरा बाजार समिति की विवादों की लिस्ट
पंडरा बाजार समिति पहले से ही विवादों में रही है। प्रशासनिक अव्यवस्था इतनी बढ़ गई है कि एक ही पद पर दो-दो अधिकारियों की नियुक्ति जैसी स्थिति बन गई थी। अधिकारी को निलंबित कर चाईबासा स्थानांतरित किया गया है । पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
