
Jamtara Cyber Crime : जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को बैंकिंग सुविधा के नाम पर फंसाकर उनके खातों से लाखों रुपये उड़ा देता था।
गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना की टीम ने मोहनपुर-गुनीडीह कच्ची सड़क के पास छापेमारी कर अतुल अंसारी (28) को धर दबोचा। वह करमाटांड़ थाना क्षेत्र के गुनीडीह गांव का रहने वाला है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अधिकारी मनीष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया। जांच में खुलासा हुआ कि उसका नेटवर्क देश के कई राज्यों में फैला हुआ था।
ठगी का तरीका बेहद चालाकी भरा था। आरोपी लोगों को कॉल कर YONO App चालू कराने का झांसा देता था। इसके बाद व्हाट्सएप और स्क्रीन शेयरिंग ऐप की मदद से पीड़ितों के यूजर आईडी, पासवर्ड और OTP हासिल कर उनके बैंक खातों से पैसे ट्रांसफर कर लेता था।
इस मामले में जामताड़ा साइबर थाना में कांड संख्या 19/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ BNS 2023, IT Act और Telecommunications Act 2023 की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान कॉल पर OTP, पासवर्ड या स्क्रीन शेयरिंग की अनुमति न दें। बैंक या अधिकारी कभी भी फोन पर इस तरह की गोपनीय जानकारी नहीं मांगते।
