
डेस्क: पाकिस्तान में सुरक्षा बलों पर बड़ा हमला हुआ है, जिसने पूरे देश में हलचल मचा दी है। इस हमले में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के 86 जवानों के मारे जाने की खबर है। यह हमला अशांत प्रांत बलोचिस्तान में हुआ, जिसकी जिम्मेदारी विद्रोही संगठन बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है। हमले के बाद BLA ने दावा किया कि उन्होंने पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान पहुंचाया है। संगठन के मुताबिक, इस हमले में कई रडार सिस्टम भी तबाह कर दिए गए। हमला इतना तीव्र था कि सुरक्षा बलों को पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा।
BLA ने इस पूरे हमले का एक 14 मिनट का वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी किया है। इस वीडियो में हमले की पूरी तस्वीर सामने आती है। इसमें रडार सिस्टम को नष्ट होते हुए, शम्सी एयरबेस पर रॉकेट हमले, झाल मगसी में कार्रवाई, सोराब और कुर्दगाप में सैन्य काफिलों पर हमले, और कदन व मस्तुंग में सैन्य शिविरों को निशाना बनाते हुए दृश्य दिखाई दे रहे हैं। इस हमले के बाद इलाके में तनाव और भी बढ़ गया है। फिलहाल पाकिस्तान की ओर से इस पूरे मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

