
पलामू : पलामू से एक बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे 139 पर छतरपुर थाना क्षेत्र के मसीहानी गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने नौडीहा बाजार अंचलाधिकारी की गाड़ी को टक्कर मार दी। इस हादसे में नौडीहा बाजार के अंचल अधिकारी संजय कुमार, पिपरा के अंचल अधिकारी और उनका ड्राइवर घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और कर्मियों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों अंचल अधिकारी सोमवार को पलामू जिला मुख्यालय में होने वाली राजस्व समीक्षा बैठक में शामिल होने के लिए एक ही गाड़ी से मेदिनीनगर जा रहे थे। इसी दौरान मसीहानी गांव के पास सामने से आ रहे हाइवा ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों अंचल अधिकारियों को सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने बताया कि हाइवा ट्रक और कार के बीच टक्कर हुई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। इधर, घटना की खबर मिलते ही अस्पताल में सरकारी कर्मियों और अधिकारियों की भीड़ लग गई।
