BREAKING: रामगढ़ के इस्पात प्लांट में फर्नेस फटने से बड़ा हादसा, 9 मजदूर झुलसे, 7 की स्थिति गंभीर

रामगढ़ के हेसला इलाके में झारखंड इस्पात प्लांट में फर्नेस धमाके में नौ मजदूर झुलसे, सात गंभीर, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर लोगों में आक्रोश, जांच और इलाज जारी।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रामगढ़ : रामगढ़ जिले के हेसला इलाके से सोमवार सुबह एक दर्दनाक खबर सामने आई। झारखंड इस्पात प्लांट प्राइवेट लिमिटेड में अचानक फर्नेस में जोरदार धमाका हो गया। उस वक्त वहां काम कर रहे नौ मजदूर इसकी चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। इनमें से सात मजदूरों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। धमाका इतना तेज था कि पूरे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर के लिए कामकाज पूरी तरह ठप हो गया। आसपास के लोगों का कहना है कि आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। प्लांट के अंदर तो कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।

90% तक झुलसे मजदूर, रांची किया गया रेफर

हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को रांची रोड स्थित द हॉप अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सात मजदूर 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए सभी को रांची के देवकमल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घायलों में अखिला राय, बृजलाल बेदिया, राजबालन यादव, महेश महतो, अशोक बेदिया, राजू झा (पंडित जी), छोटू साव, सुरेश बेदिया और इशया शामिल हैं।

प्रबंधन पर उठे सवाल, लोगों में गुस्सा

इस हादसे के बाद मजदूरों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर प्लांट में सुरक्षा मानकों का ठीक से पालन होता, तो शायद इतनी बड़ी घटना नहीं होती। उन्होंने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।