
Bihar Murder News : बिहार के गया जिले में रविवार दोपहर एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। परैया थाना क्षेत्र के रामडीह और उपरोहली के बीच खारपर के पास अज्ञात अपराधियों ने साइकिल से घर लौट रहे एक व्यक्ति को गोली मार दी। मृतक की पहचान छक्कन बिगहा निवासी 45 वर्षीय अवधेश शर्मा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अवधेश शर्मा परैया बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल सटाकर फायर कर दिया। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने अपने चेहरे काले गमछे से ढंक रखे थे और वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
पुलिस इस मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

