
गुमला : गुमला के घाघरा थाना परिसर में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते थाना परिसर में खड़े कई जब्त वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए। जानकारी के मुताबिक मंगलवार की देर रात आग लगी और कुछ ही समय में बड़ा रूप ले लिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि काबू पाना मुश्किल हो गया। मामले की जानकारी दमकल विभाग को दी गई। आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। थाना परिसर में खड़े आधा दर्जन से अधिक जब्त वाहन आग की चपेट में आ गए। इनमें पैसेंजर टेंपो, टाटा मैजिक, मालवाहक पिकअप और कई मोटरसाइकिल शामिल हैं। ये सभी वाहन अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए थे।
गुमटी भी जली, दुकानदार को नुकसान
थाना परिसर की बाउंड्री के बाहर स्थित एक गुमटी भी आग की चपेट में आ गई। गुमटी संचालक विमल घोष के अनुसार, इस हादसे में उन्हें करीब 45 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। गुमटी में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया, जिससे उनके सामने आर्थिक मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चिंता और असुरक्षा का माहौल भी देखा गया। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है, जिसमें कचरे में लगी आग या शॉर्ट सर्किट की संभावना शामिल है। थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि आसपास कचरा जलाने की घटनाएं होती रहती हैं, जिससे आग फैलने की आशंका है। वहीं, ट्रांसफार्मर से शॉर्ट सर्किट की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन घटना में भारी नुकसान हो चुका है।

