
रांची : पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में मोहिनी एकादशी एवं गौ सम्मान दिवस का पावन पर्व श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। संत शिरोमणि परमहंस स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम का आरंभ प्रातःकालीन पूजाअर्चना एवं भजन-कीर्तन से हुआ। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु और श्री राधा-कृष्ण का स्मरण करते हुए दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। गौ सम्मान दिवस के अवसर पर ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी गौ सेवा धाम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने गौ माता की सेवा कर धर्म लाभ अर्जित किया।मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे ने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ गौ पूजन संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने गौ माता को हरा चारा, गुड़, फल एवं अन्य सामग्री अर्पित कर सेवा की।
इस दौरान गौशाला परिसर में श्रद्धा और सेवा का अनुपम दृश्य देखने को मिला। उपस्थित भक्तों ने गौ सेवा को सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए इसे पुण्यकारी कार्य बताया।मोहिनी एकादशी के पावन अवसर पर श्री राधा रानी का विशेष एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। उन्हें सुंदर पोशाक एवं जड़ित आभूषणों से सुसज्जित किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर में सजे दिव्य दरबार के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। राधा रानी के मनोहारी स्वरूप ने सभी को भाव-विभोर कर दिया।ट्रस्ट के भजन गायकों द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई। राधे-राधे, हरे कृष्ण और विष्णु भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर भजन-संकीर्तन में शामिल हुए और प्रभु नाम का स्मरण किया।पूजा-अर्चना का मुख्य कार्यक्रम पंडित अरविंद पांडे द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। भगवान को केसरिया पेड़ा, मेवा, फल एवं वेजिटेबल खिचड़ी का विशेष भोग अर्पित किया गया।
पूजा के पश्चात सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। सभी भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने मोहिनी एकादशी के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मोहिनी एकादशी भगवान विष्णु के मोहिनी अवतार से जुड़ी हुई है। इस दिन व्रत, पूजा, दान और भक्ति करने से पापों का नाश होता है तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आगमन होता है।उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, सेवा,गौ संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। संजय सर्राफ ने कहा कि श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। मोहिनी एकादशी एवं गौ सम्मान दिवस भक्ति, सेवा, गौ संरक्षण और सनातन परंपरा का प्रेरणादायक उदाहरण बन गया।


