
Hemant Soren : हेमंत सोरेन ने रांची स्थित झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर जगुआर कैंपस (रिंग रोड) में प्रस्तावित ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन आवासीय विद्यालय’ के निर्माण कार्य की समीक्षा की। बैठक में स्कूल परियोजना की रूपरेखा, निर्माण योजना और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।
जल्द पूरा होगा भूमि चिन्हितिकरण
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालय निर्माण के लिए जगुआर कैंपस में जल्द से जल्द भूमि चिन्हितिकरण की प्रक्रिया पूरी की जाए। अधिकारियों ने जानकारी दी कि परियोजना की DPR तैयार है और जमीन चिन्हित करने का काम जारी है।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता शहीद पुलिसकर्मियों, सेना और अर्धसैनिक बलों के बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं और उच्च स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा स्कूल
प्रस्तावित विद्यालय में स्मार्ट क्लासरूम, लाइब्रेरी, ICT लैब, खेल मैदान और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए उच्चस्तरीय आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिसमें अलग-अलग हॉस्टल और बेहतर पठन-पाठन की सुविधाएं शामिल होंगी।
पुलिस परिवारों के लिए अस्पताल पर भी चर्चा
बैठक में होटवार स्थित JAP-10 परिसर में प्रस्तावित अस्पताल पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि यह अस्पताल पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर संचालित होगा। शुरुआत में 50 बेड की सुविधा होगी, जिसे जरूरत के अनुसार 100 बेड तक बढ़ाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि पुलिस परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
बैठक में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, अजय कुमार सिंह, डीजीपी तदाशा मिश्रा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

