
रांची: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। इस महीने योजना के लाभुकों के खातों में दो किस्तों की राशि एक साथ भेजी जाएगी। यानी अप्रैल और मई महीने के पैसे मिलाकर महिलाओं को सीधे 5000 रुपये का लाभ मिलेगा। सरकार के इस फैसले से राज्य की लाखों महिलाओं को राहत मिलने की उम्मीद है। कई परिवारों के लिए यह रकम घरेलू खर्चों को संभालने में मददगार साबित होगी।
जिलों को जारी किए गए 8500 करोड़ रुपये
सामाजिक सुरक्षा निदेशालय की ओर से इस हफ्ते जिलों को करीब 8500 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 के सितंबर महीने तक के भुगतान के लिए दी जा रही है। राज्य में लगभग 51 लाख महिलाएं इस योजना से जुड़ी हुई हैं। जैसे ही पैसा जिलों को मिलेगा, लाभुकों के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
सितंबर तक फंड की व्यवस्था
सरकार ने जिलों को जो फंड जारी किया है, उसमें चालू वित्तीय वर्ष के अगले छह महीनों का प्रावधान भी शामिल है। इससे आने वाले समय में भुगतान में देरी की संभावना कम हो जाएगी। राज्य सरकार का कहना है कि योजना की निगरानी लगातार की जा रही है ताकि हर लाभुक को समय पर राशि मिल सके।
हर महीने मिलते हैं 2500 रुपये
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये दिए जाते हैं। इसका मकसद आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को मदद देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस बार तकनीकी और प्रशासनिक वजहों से अप्रैल और मई की राशि एक साथ जारी की जा रही है। ऐसे में लाभुकों को सीधे 5000 रुपये का भुगतान मिलेगा।

