
रांची : झारखंड बीजेपी में जल्द संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी नेतृत्व राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल को झारखंड का नया प्रदेश प्रभारी बनाने पर विचार कर रहा है। बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल चुनाव में मिली सफलता के बाद केंद्रीय नेतृत्व का भरोसा सुनील बंसल पर और मजबूत हुआ है। ऐसे में अब उन्हें झारखंड की जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है।
सुनील बंसल बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव हैं और संगठन के भीतर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के करीबी नेताओं में भी गिना जाता है। फिलहाल पार्टी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस चर्चा ने जोर पकड़ लिया है।

