
नई दिल्ली : समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की बुधवार को मौत हो गई है। इस पर लखनऊ के डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर का बयान आया है। डीसीपी विक्रांत वीर ने बुधवार को मीडिया से कहा कि प्रतीक यादव को मृत अवस्था में सिविल अस्पताल लाया गया था। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। इससे पहले अखिलेश यादव ने कहा कि कभी-कभी पैसों का नुक़सान या कारोबार में रुकावट लोगों को दुखी कर देता है। उन्होंने कहा कि मैं प्रतीक को बचपन से जानता था। आज वह हमारे बीच नहीं रहा। हम इस घटना से बेहद दुखी हैं। वह जीवन में आगे बढ़ना और काम करना चाहता था। यह बेहद दुखद है कि आज वह हमारे साथ नहीं है। हम क़ानून और परिवार के सदस्यों की जो भी बात होगी, उसका पालन करेंगे। हम क़ानूनी रास्ता अपनाएंगे। वहीं प्रतीक यादव के निधन पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कांग्रेस नेता अजय राय, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई नेताओं ने शोक जताया है।

