
रतलाम/कोटा: मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एक वातानुकूलित (एसी) डिब्बे में रविवार सुबह आग लग गई। रेलवे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस डिब्बे में 68 यात्री सवार थे और आग लगने के 15 मिनट के भीतर डिब्बे को खाली करा लिया गया। उन्होंने बताया कि किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के बी-1 डिब्बे में सुबह पांच बजकर 15 मिनट पर आग लगी। उन्होंने कहा कि ट्रेन तड़के तीन बजकर 55 मिनट पर रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी।
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि आग लगने की यह घटना कोटा मंडल के क्षेत्राधिकारी में विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरीछा स्टेशन के बीच हुई। उन्होंने कहा, ‘‘प्रभावित कोच से सभी यात्रियों को 15 मिनट में उतार दिया गया। आग से बी-1 कोच के पीछे वाले डिब्बे ‘लगेज-कम-गार्ड वैन’ (एसएलआर) को भी नुकसान पहुंचा है।
रेलवे अधिकारियों ने तुरंत ‘ओवरहेड’ तार से बिजली की आपूर्ति बंद कर दी और आग पर काबू पा लिया गया।श्रीवास्तव ने बताया कि प्रभावित ‘गार्ड वैन’ और एसी डिब्बे को अलग कर दिया गया तथा ट्रेन सुबह नौ बजकर 48 मिनट पर आगे की यात्रा के लिए रवाना हुई। उन्होंने बताया कि यात्रियों को राजस्थान के कोटा तक की यात्रा के लिए दूसरे डिब्बे में बैठाने की व्यवस्था की गई है।
अधिकारी ने बताया कि ट्रेन के कोटा स्टेशन पर निर्धारित समय सुबह छह बजकर 45 मिनट के बजाय दोपहर एक बजे तक पहुंचने की संभावना है जहां एक अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा ताकि सभी यात्री सुविधाजनक तरीके से सफर कर सकें। इस घटना के कारण दिल्ली-मुंबई मार्ग पर रेल यातायात बाधित हो गया, जिससे पांच से छह ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद कुछ ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया गया।
रेलवे अधिकारियों ने ट्रेनों की आवाजाही के बारे में जानकारी मांगने वाले यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।रतलाम मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अजय कुमार कालरा स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बचाव और बहाली कार्य के लिए एक राहत ट्रेन व ‘एक टावर वैगन’ भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

