
शाहिद कपूरइन दिनों अपनी आगामी फिल्म कॉकटेल 2 को लेकर चर्चा में हैं। 19 जून को रिलीज होने जा रही इस फिल्म के गाने के लॉन्च इवेंट में शाहिद कपूर ने फिल्म से जुड़ा खास अनुभव साझा किया। रविवार देर रात मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि उन्होंने इस फिल्म की कहानी सुने बिना ही इसके लिए हां कर दी थी। इसका सबसे बड़ा कारण निर्देशक होमी अदजानिया पर उनका भरोसा था।
होमी अदजानिया के काम से प्रभावित हुए शाहिद
शाहिद कपूर ने कहा कि होमी अदजानिया के साथ काम करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि निर्देशक ने उनसे ऐसा अभिनय करवाया, जिसकी उन्होंने खुद भी उम्मीद नहीं की थी। शाहिद के मुताबिक, “मैं सेट पर पहुंचा तो मुझे खुद नहीं पता था कि मुझे क्या करना है, लेकिन होमी ने जिस तरह हमसे काम निकलवाया, वह कमाल था।” उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय बाद उन्होंने इतना अलग और ओरिजनल काम किया है।
स्टारकास्ट और कहानी ने बढ़ाया भरोसा
फिल्म में शाहिद कपूर के साथ कृति सैनन और रश्मिका मंदाना भी नजर आएंगी। शाहिद ने बताया कि उन्हें फिल्म की स्टारकास्ट काफी पसंद आई थी। इसके अलावा फिल्म के लेखक लव रंजन ने भी उन्हें फिल्म के बारे में विस्तार से बताया था। यही वजह रही कि उन्होंने बिना कहानी सुने फिल्म के लिए हामी भर दी।
सेट पर हर दिन रहा यादगार
शाहिद कपूर ने कहा कि फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर हर दिन बेहद मजेदार और ऊर्जा से भरा रहा। उनका मानना है कि वही सकारात्मक ऊर्जा दर्शकों को फिल्म में भी देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह पहली ‘कॉकटेल’ फिल्म के दौरान खास माहौल था, वैसी ही शानदार ऊर्जा इस बार भी महसूस हुई है।

