
Jharkhand: CM Hemant Soren ने राज्य में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव को देखते हुए प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि आम जनता को राहत पहुंचाना सरकार की पहली प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरकार के निर्देश के अनुसार सभी डीसी, एसपी, थाना प्रभारी, सीओ और बीडीओ को अपने कार्यालयों के बाहर तथा चौक-चौराहों, बाजारों और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थलों पर राहगीरों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही वहां सूचना पट्ट लगाने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि लोगों को आसानी से पानी उपलब्ध हो सके।
मुख्यमंत्री ने जल संकट वाले क्षेत्रों में तत्काल टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा ग्रामीण और शहरी इलाकों में खराब पड़े चापाकलों को युद्धस्तर पर ठीक करने और अन्य वैकल्पिक जल स्रोतों को सक्रिय रखने को कहा गया है।
सीएम ने अधिकारियों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहकर जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने की हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करना होगा, ताकि अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंच सके।

