
Sahibganj News : जिले के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र में अवैध गांजा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके घर से 3.44 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस इसे नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही है।
मामले की जानकारी देते हुए नव पदस्थापित एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कबूतरखोपी इलाके में एक महिला अपने घर से अवैध रूप से गांजा बेचने का काम कर रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
घर में छापेमारी, डिब्बों और पुड़ियों में मिला गांजा
दंडाधिकारी की मौजूदगी में गठित टीम ने महिला के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के डिब्बों और पुड़ियों में रखे कुल 3 किलो 441 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, एक डिब्बे से 1755 ग्राम और दूसरे डिब्बे व 17 पुड़ियों से 1686 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान पूनम देवी (25), पति भोला मंडल, निवासी कबूतरखोपी, थाना जिरवाबाड़ी, जिला साहिबगंज के रूप में की है। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस संबंध में जिरवाबाड़ी थाना कांड संख्या 90/26 दर्ज करते हुए आरोपी महिला के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(b)/(ii)/(c) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसडीपीओ सुशील कुमार ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार ऐसे कारोबारियों के खिलाफ अभियान चला रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
छापेमारी दल में दंडाधिकारी बासुकीनाथ दुबे, पुलिस पदाधिकारी शशि सिंह, पंकज वर्मा, संजय कुमार, शैलेन्द्र दुबे समेत महिला चौकीदारों और पुलिस जवानों की अहम भूमिका रही।

