
रांची : जमशेदपुर से इस वक्त की बेहद सनसनीखेज खबर आ रही है, जहां अपराधियों ने तांडव मचाते हुए पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती में रहने वाले बड़े कारोबारी राज कुमार साह से अपराधियों ने फोन पर 20 लाख रुपये की मोटी रंगदारी मांगी थी। जब कारोबारी ने पैसे देने से मना कर दिया, तो मंगलवार की देर रात अपराधियों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने महज 5 घंटे के अंतराल में एक के बाद एक दो बार ताबड़तोड़ फायरिंग की। अपराधियों ने घर के बाहर खड़ी कारोबारी की थार गाड़ी को निशाना बनाते हुए उस पर तड़ातड़ गोलियां बरसा दीं। इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग खौफ के साए में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से गोलियों के तीन खाली खोखे बरामद किए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, लेकिन सरेआम हुई इस घटना ने कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

