
Dumka News : झारखंड के दुमका जिले में अपराधियों का आतंक बढ़ता नजर आ रहा है। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में चार दिनों के भीतर आभूषण व्यवसायियों को निशाना बनाकर दूसरी लूट की वारदात सामने आई है, जिससे सर्राफा कारोबारियों में डर का माहौल है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद व्यवसायियों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
ताजा मामला कुशबोना गांव का है, जहां मुख्य बाजार के ज्वेलरी कारोबारी संजय वर्मा दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि अपराधियों ने मारपीट की, कनपटी पर पिस्टल सटाई और करीब 8 हजार रुपये नकद, ढाई सौ ग्राम चांदी, दुकान की चाबी और जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए। जाते-जाते बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की।
इस घटना से पहले तीन दिन पहले भी एक अन्य ज्वेलरी कारोबारी संतोष वर्मा से लूट का प्रयास हुआ था। हालांकि, उनकी बहादुरी और स्थानीय लोगों के जुटने से अपराधी भाग निकले थे।
लगातार हो रही घटनाओं से नाराज और भयभीत आभूषण व्यवसायी बुधवार को एकजुट होकर शिकारीपाड़ा थाना पहुंचे और सुरक्षा बढ़ाने के साथ अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

