
Palamu News: पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। पाटन रोड स्थित नगदारा के पास अज्ञात अपराधियों ने एक ग्रामीण चिकित्सक की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान उदय सिंह के रूप में हुई है, जो चिल्हो खुर्द गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि उदय सिंह गांव में प्राथमिक चिकित्सा सेवा देने का काम करते थे और स्थानीय लोग उन्हें ग्रामीण डॉक्टर के रूप में जानते थे।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10 बजे यह वारदात हुई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छानबीन तेज कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

