
रांची : अग्रवाल सभा महिला समिति की ओर से आयोजित समर कैंप के दूसरे दिन बच्चों की ओर से पूजा अर्चना करवाते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की गई। बच्चे अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें इस उद्देश्य से जूडो कराटे, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए योग, रचनात्मक रुचि जागृत हो इसके लिए चित्रकला हस्तकला, जीवन में किस क्षेत्र में आगे बढ़ें और एक सफल जिम्मेदार नागरिक बनें इसके लिए पर्सनालिटी डेवलपमेंट , टाइम मैनेजमेंट का प्रशिक्षण एक्सपर्ट प्रशिक्षकों ने करवाया। संगीत और नृत्य को अपनी रूचि में समाहित कर आत्मविश्वास बढ़ा सकें, उसका भी प्रशिक्षण देने की कोशिश की गई।
महिला समिति की संयोजिका रूपा अग्रवाल के नेतृत्व में चलने वाले तीन दिवसीय समर कैंप को सफल करने में रीना सुरेका, मंजू केडिया, पद्मा बंका, सुनैना लोयलका, बबीता नारसरिया, प्रीति बंका, बीना मोदी, सीमा टांटिया, पुष्पा अग्रवाल, छाया अग्रवाल, लक्ष्मी पाटोदिया , ललिता नर्सरिया , प्रीति फोगला सरिता अग्रवाल का सहयोग रहा।
अग्रवाल सभा के द्वारा आयोजित समर कैंपों में कई प्रशिक्षक विगत 25 वर्षों से लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। योगश्री नंददुलाल दत्ता तीन दिनों में बच्चों को विभिन्न आसनों का ऐसा पैकेज बनाकर दे देते हैं कि वे आजीवन इस पैकेज का अभ्यास कर अपने को स्वस्थ रख सकें। नंददुलाल जी के शिष्यों ने जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अनेक पुरस्कार जीते हैं।
मो. साबिर हुसैन के हाथों में जादू है, हर प्रकार की कला के एक्सपर्ट हैं। उनके हाथों में पेंटिंग ब्रश हो और आप एक थीम दे दीजिए वह तुरंत 10 मिनट में थीम पर कुछ ना कुछ बहुत सुंदर बना देंगे। अनेक बड़े-बड़े फैशन शो उन्होंने आयोजित किए हैं। पाजेब नृत्य कला केंद्र के कोरियोग्राफर दीपक सिन्हा 23 वर्षों से लगातार हमारे समर कैंप में आते रहे हैं और म्यूजिक बजते ही सभागार में उन्हें देखकर सभी के पैर थिरकने लगते हैं, उनके इंस्टीट्यूट से निकले हुए कई शिष्य कोरियोग्राफर के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमा रहे हैं।
सुनील किस्पोट्टा जूडो कराटे जैसे मार्शल आर्ट के एक्सपर्ट हैं, उनके आते ही सभागार में उपस्थित प्रतिभागियों के शरीर में बिजली दौड़ जाती है। ब्लैक बेल्ट से सम्मानित सुनील जी इंडियन कराटे टीम के कोच हैं और ईस्ट इंडिया कराटे एसोसिएशन के सहसचिव भी हैं। सुबोध कुमार एक्सपर्ट फोटोग्राफर होने के साथ-साथ परफॉर्मिंग आर्ट के प्रशिक्षक भी हैं। अजय कुमार गोस्वामी के पास वोकल म्यूजिक में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री है और वह दूरदर्शन तथा आकाशवाणी से जुड़े हुए हैं। यह सभी प्रशिक्षक निस्वार्थ भाव से हमारे समर कैंपों से जुड़े हुए हैं। हमारे समर कैंप का उद्देश्य किसी कला में पारंगत बनाना नहीं है बल्कि उस कला के प्रति आकर्षण पैदा करना है,सीखने की ललक लानी है।

