
ऐसा लगता है कि देओल परिवार में अभिनय का जुनून अगली पीढ़ी तक भी पहुंच चुका है। हाल ही में बॉबी देओल ने खुलासा किया कि उनके दोनों बेटे, आर्यमान देओल और धर्म देओल, बॉलीवुड में अपना करियर बनाना चाहते हैं। अभिनेता ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि उनका बड़ा बेटा अभिनय के बजाय किसी दूसरे क्षेत्र में अपना भविष्य बनाएगा, लेकिन उसकी पसंद कुछ और निकली।
‘आप की अदालत’ में किया खुलासा
टीवी शो आप की अदालत में बातचीत के दौरान बॉबी देओल ने अपने बेटों की रुचियों और सपनों के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि उनके दोनों बेटे अभिनेता बनना चाहते हैं और फिल्म इंडस्ट्री की चमक उन्हें भी आकर्षित करती है। बॉबी का मानना है कि मनोरंजन जगत ऐसा क्षेत्र है जहां हर किसी के मन में कभी न कभी अभिनेता बनने का सपना जरूर आता है।
आर्यमन के लिए देखे थे अलग सपने
बॉबी ने बताया कि उन्होंने अपने बड़े बेटे आर्यमन को फाइनेंस की पढ़ाई के लिए न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी भेजा था। आर्यमन ने वहां से ऑनर्स के साथ पढ़ाई पूरी की और पढ़ाई में भी काफी अच्छे रहे। अभिनेता को उम्मीद थी कि उनका बेटा अमेरिका में ही अपना करियर बनाएगा, लेकिन आर्यमन ने अभिनय को अपना लक्ष्य चुना।
खुद को तैयार करने में जुटे हैं आर्यमन
बॉबी के मुताबिक, आर्यमन फिलहाल एक्टिंग की ट्रेनिंग ले रहे हैं और अपने कौशल को बेहतर बनाने पर काम कर रहे हैं। कोविड-19 के दौरान उन्होंने खुद फिल्ममेकिंग, एडिटिंग, साउंड डिजाइन और डबिंग जैसी तकनीकों को सीखा। इसके अलावा उन्होंने अपनी फिटनेस पर भी मेहनत की और यूट्यूब वीडियो देखकर डांस की ट्रेनिंग ली। बॉबी ने उन्हें बेहद मेहनती और प्रतिभाशाली बताया।
बॉबी देओल के आगामी प्रोजेक्ट्स
वर्कफ्रंट की बात करें तो बॉबी जल्द ही बंदर में नजर आएंगे, जिसका निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है। इसके अलावा वह अल्फा में भी दिखेंगे, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म यशराज स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-केंद्रित स्पाई थ्रिलर मानी जा रही है।

