
Israel News: पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान के रणनीतिक ब्यूफोर्ट किले पर दोबारा नियंत्रण हासिल कर लिया है और वहां इजरायल का झंडा फहराया गया है।
बताया जा रहा है कि करीब 44 साल पहले इसी किले पर इजरायल और लेबनान के बीच भीषण लड़ाई हुई थी, जिसमें गोलानी ब्रिगेड के सैनिकों की जान गई थी। अब उसी ऐतिहासिक स्थान पर दोबारा झंडा फहराया जाना इजरायल की ओर से एक बड़ी रणनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
इजरायल के रक्षा मंत्री ने इसे एक महत्वपूर्ण जीत बताते हुए कहा है कि यह कदम हिज्बुल्लाह के खिलाफ जारी सैन्य अभियान का हिस्सा है और जो भी इजरायल की सुरक्षा को चुनौती देगा, उसके ठिकानों को कमजोर किया जाएगा।
इजरायली सेना की ओर से जारी जानकारी में दावा किया गया है कि यह ऑपरेशन बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया और क्षेत्र में अभी भी सैन्य गतिविधियां जारी हैं।
ब्यूफोर्ट किला दक्षिणी लेबनान की ऊंची पहाड़ी पर स्थित एक रणनीतिक सैन्य स्थान माना जाता है, जहां से पूरे इलाके पर नजर रखी जा सकती है। वर्ष 2000 में इजरायली सेना ने यहां से वापसी की थी, लेकिन अब एक बार फिर इस इलाके में उसकी मौजूदगी ने क्षेत्रीय तनाव को बढ़ा दिया है।

