
फिल्म मर्दानी 2 में अभिनेत्री रानी मुखर्जी के सामने दमदार खलनायक की भूमिका निभाकर सुर्खियां बटोरने वाले अभिनेता विशाल जेठवा अब अपने अगले बड़े प्रोजेक्ट की तैयारी में जुट गए हैं। अलग-अलग जॉनर की फिल्मों में काम करने वाले विशाल जल्द ही अभिनेत्री शालिनी पांडे के साथ फिल्म शक्ति शालिनी में नजर आएंगे।
एक्शन फिल्म के लिए बढ़ाना होगा वजन
विशाल ने खुलासा किया है कि उनकी अगली फिल्म एक एक्शन ड्रामा होगी, जिसके लिए उन्हें करीब 12 किलो वजन बढ़ाना पड़ेगा। दुबले-पतले शरीर के लिए पहचाने जाने वाले विशाल के लिए यह चुनौती आसान नहीं है। इसके लिए उन्होंने अपनी फिटनेस रूटीन और खानपान दोनों में बड़े बदलाव किए हैं।
योग और डाइट में किया बदलाव
अभिनेता ने बताया कि किसी विशेष किरदार के लिए शारीरिक रूप से खुद को तैयार करना एक लंबी प्रक्रिया होती है। उन्होंने योग अभ्यास की शैली में बदलाव किया है और ऐसी डाइट अपनाई है, जिससे स्वस्थ तरीके से वजन बढ़ाया जा सके। विशाल का मानना है कि जब कोई कलाकार किसी खास प्रोजेक्ट के लिए ट्रेनिंग करता है, तब उसकी दिनचर्या का हर पहलू महत्वपूर्ण हो जाता है।
मर्दानी 2, सलाम वेंकी और होमबाउंड जैसी फिल्मों में अपनी प्रतिभा साबित कर चुके विशाल अब एक नए और दमदार एक्शन अवतार में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं।

