
बॉलीवुड अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने हाल ही में एक फिटनेस हादसे को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। अभिनेत्री ने बताया कि जिम में 80 किलो डेडलिफ्ट करने के दौरान हुई एक छोटी-सी गलती ने उनकी जिंदगी को कई हफ्तों के लिए प्रभावित कर दिया। इस चोट के कारण उन्हें स्लिप डिस्क की समस्या हो गई और करीब 40 दिनों तक बेड रेस्ट पर रहना पड़ा।
सुरक्षा बेल्ट न पहनना पड़ा भारी
एक शो में अपने पति जैकी भगनानी के साथ बातचीत के दौरान रकुल ने बताया कि वह हमेशा डेडलिफ्ट करते समय सेफ्टी बेल्ट पहनती थीं, लेकिन उस दिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। अभिनेत्री ने कहा, “डेडलिफ्ट एक ईगो लिफ्ट है। चाहे आपका ट्रेनर कुछ भी कहे, यह सबसे जोखिम भरी एक्सरसाइज में से एक है।”
उन्होंने बताया कि बेल्ट न पहनने की यही एक गलती उनके लिए बेहद महंगी साबित हुई और इसकी वजह से उनकी कमर में गंभीर चोट लग गई।
शारीरिक ही नहीं, मानसिक रूप से भी हुई परेशान
रकुल ने कहा कि यह सिर्फ शारीरिक दर्द तक सीमित नहीं था, बल्कि मानसिक रूप से भी उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा। अचानक रोजमर्रा के काम करने में असमर्थ होना उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण अनुभव था। उन्होंने बताया कि लगातार दर्द और बेड रेस्ट ने उन्हें भावनात्मक रूप से भी प्रभावित किया।
मुश्किल समय में जैकी बने सहारा
अपनी बात रखते हुए रकुल भावुक भी हो गईं। उन्होंने कहा कि इस कठिन दौर में उनके पति जैकी भगनानी ने हर कदम पर उनका साथ दिया। अभिनेत्री के अनुसार, किसी भी मुश्किल समय में पार्टनर का समर्थन बेहद जरूरी होता है और जैकी ने उनकी रिकवरी में बड़ी भूमिका निभाई।
हाल ही में इस फिल्म में आई थीं नजर
वर्क फ्रंट की बात करें तो रकुल प्रीत सिंह हाल ही में फिल्म ‘पति पत्नी और वो 2’ में नजर आई थीं। इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में उनके साथ आयुष्मान खुराना, वामिका गब्बी और सारा अली खान भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए।

