
अभिनेत्री गिरिजा ओक इन दिनों अपनी आगामी फिल्म भारत भाग्य विधाता के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर मिली अचानक लोकप्रियता और ‘नेशनल क्रश’ जैसे टैग को लेकर खुलकर बात की। दरअसल, पिछले साल एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान उनकी एक वीडियो क्लिप इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गई थी। वीडियो में गीली नीली साड़ी में उनका लुक लोगों को इतना पसंद आया कि सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें ‘ब्लू साड़ी गर्ल’ और ‘न्यू नेशनल क्रश’ कहना शुरू कर दिया।
“मेरे लुक्स मेरी उपलब्धि नहीं हैं”
एक प्रमोशनल इंटरव्यू में जब एंकर ने उन्हें ‘ब्लू साड़ी गर्ल’ कहकर संबोधित किया, तो गिरिजा ने इस वायरल फेम को लेकर अपनी असहजता जाहिर की। उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर किसी चीज का अचानक वायरल होना हमेशा किसी खास वजह से नहीं होता। उनके मुताबिक, लोगों ने उनके लुक्स की काफी तारीफ की, लेकिन वह इसे अपनी कोई उपलब्धि नहीं मानतीं। गिरिजा ने साफ कहा कि उनकी खूबसूरती या चेहरे-मोहरे का श्रेय उनके जीन्स को जाता है, न कि किसी विशेष मेहनत को। इसलिए वह इस तरह की लोकप्रियता को व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में नहीं देखतीं।
‘नेशनल क्रश’ टैग की वैधता पर उठाए सवाल
इंटरव्यू के दौरान जब एंकर ने कहा कि वह अपने ‘नेशनल क्रश’ टैग को कम आंक रही हैं, तो गिरिजा ने अपनी सह-कलाकार Kangana Ranaut का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि किसी को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के पीछे ठोस उपलब्धियां और मान्यता होती है। मजाकिया अंदाज में उन्होंने पूछा कि आखिर ‘नेशनल क्रश’ बनने का प्रमाणपत्र कहां से मिलता है। गिरिजा का मानना है कि यह टैग केवल सोशल मीडिया ट्रेंड का हिस्सा है, जिसकी कोई औपचारिक वैधता नहीं होती।

