
Sudesh Mahto : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुलाकात की। झारखंड दौरे पर पहुंचे नितिन नबीन का सुदेश महतो ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्यसभा चुनाव, वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को और मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, आगामी राजनीतिक चुनौतियों और गठबंधन की रणनीति भी बातचीत का अहम हिस्सा रही।
इस अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी तथा केंद्रीय महासचिव एवं मांडू विधायक निर्मल महतो भी मौजूद रहे। वहीं बैठक में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने भी भाग लिया।
मुलाकात के बाद आयोजित एनडीए की महत्वपूर्ण बैठक में भी सभी सहयोगी दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने राज्यसभा चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर सहयोगी दलों के नेताओं के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया।
राजनीतिक गलियारों में इस बैठक को राज्यसभा चुनाव और भविष्य की चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। NDA घटक दलों ने एकजुटता और समन्वय के साथ आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।

