
बॉलीवुड अभिनेत्री ईशा देओल अब एक नए और रोमांचक अंदाज में दर्शकों के सामने आने वाली हैं। रोमांस और पारिवारिक फिल्मों में अपनी पहचान बनाने वाली ईशा पहली बार हॉरर-कॉमेडी जॉनर में कदम रख रही हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘घूंघट’ डर, हंसी, रोमांस और कल्पना का अनूठा मिश्रण लेकर आ रही है। फिल्म का निर्देशन राजीव एस. रुइया कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण देवेश कुमार द्वारा नेटिव सिनेमाज के बैनर तले किया जा रहा है।
रहस्यमयी गांव और शापित आत्मा की कहानी
फिल्म की कहानी रहस्यमयी गांव जांगीपुरा के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां ‘भूरी’ नाम की एक शापित आत्मा का आतंक फैला हुआ है। भूरी का अतीत बेहद दर्दनाक और दुखद रहा है, लेकिन उसकी कहानी अब पूरे गांव के लिए अभिशाप बन चुकी है। फिल्म में रहस्य, डर और हास्य के बीच एक ऐसी कहानी दिखाई जाएगी, जो दर्शकों को रोमांचित करने के साथ-साथ भावनात्मक रूप से भी जोड़ने का प्रयास करेगी।
‘रोमांस का दौर पीछे छूट चुका है’
ईशा देओल का कहना है कि ‘घूंघट’ उनके करियर के लिए एक बिल्कुल नई शैली है। उन्होंने बताया कि फिल्म में मनोरंजन, डर और एक सार्थक संदेश का बेहतरीन संतुलन देखने को मिलेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अब वह केवल प्यार में डूबी युवती के किरदार निभाने में रुचि नहीं रखतीं। उनके अनुसार, उनके करियर का वह दौर बीत चुका है और अब वे ऐसे किरदार चुनना चाहती हैं, जिनसे वे खुद जुड़ाव महसूस कर सकें।
‘घूंघट’ के जरिए ईशा देओल दर्शकों को एक नया सिनेमाई अनुभव देने के लिए तैयार हैं, जिसमें रोमांच और मनोरंजन दोनों का भरपूर तड़का होगा।

