
बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल एक बार फिर दमदार किरदार के साथ बड़े पर्दे पर लौटने के लिए तैयार हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बटवारा 1947’ का मोशन पोस्टर जारी कर दिया गया है। यह फिल्म भारत और पाकिस्तान के विभाजन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक और प्रेरक ड्रामा है।
फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि इसका निर्माण आमिर खान प्रोडक्शन्स ने किया है, जबकि निर्देशन की कमान मशहूर फिल्मकार राजकुमार संतोषी ने संभाली है।
पहले था ‘लाहौर 1947’ नाम
फिल्म को पहले ‘लाहौर 1947’ के नाम से जाना जा रहा था, लेकिन बाद में इसका शीर्षक बदलकर ‘बटवारा 1947’ कर दिया गया। मोशन पोस्टर के साथ मेकर्स ने फिल्म की थीम भी साझा की है, जिसमें इसे “नफरत और भय के दौर में साहस का मार्ग चुनने वाले एक नायक की कहानी” बताया गया है।
दमदार स्टारकास्ट से सजी फिल्म
फिल्म में सनी देओल के साथ कई अनुभवी और चर्चित कलाकार नजर आएंगे। स्टारकास्ट में शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर जैसे नाम शामिल हैं।
30 साल बाद फिर साथ आए संतोषी और सनी
‘बटवारा 1947’ की एक और खास बात यह है कि इसके जरिए निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल लगभग तीन दशक बाद फिर साथ काम कर रहे हैं।
यह जोड़ी पहले ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी सुपरहिट फिल्में दे चुकी है। ऐसे में दर्शकों को इस नई फिल्म से भी काफी उम्मीदें हैं। ऐतिहासिक घटनाओं, भावनात्मक कहानी और मजबूत कलाकारों के कारण ‘बटवारा 1947’ इस साल की चर्चित फिल्मों में शामिल हो गई है।

