महेश बाबू ने की रणबीर कपूर और यश की फिल्म ‘रामायण’ की तारीफ

फिल्म ‘रामायण’ के मुरीद हुए सुपरस्टार महेश बाबू: बड़े पर्दे पर कहानी के जीवंत होने की तारीफ की; रणबीर, यश, साई पल्लवी और नितेश तिवारी की टीम को दी बधाई।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: तेलुगु फिल्मों के सुपरस्टार महेश बाबू ने रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत फिल्म ‘रामायण’ की सराहना करते हुए कहा कि बचपन से सुनी आ रही कहानियों को बड़े पर्दे पर इतने खूबसूरत अंदाज में जीवंत होते देख उन्हें बेहद खुशी हो रही है।

महेश बाबू ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी। फिल्म ने रिलीज के पहले दिन दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 155 करोड़ रुपये की कमाई की है।

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ”बचपन से जिन कहानियों को सुनते हुए हम बड़े हुए हैं, उन्हें बड़े पर्दे पर इतने खूबसूरत अंदाज में जीवंत होते देखना मुझे बेहद खुशी देता है। रणबीर, यश और साई पल्लवी… जादुई।”

उन्होंने आगे लिखा, ”नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी, आप दोनों को सलाम। इतने बड़े स्तर की फिल्म बनाने के लिए आपके प्रयासों की सराहना करता हूं। ‘रामायण’ की पूरी टीम को बधाई।”

यह फिल्म बृहस्पतिवार को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में हैं।

यह प्राचीन महाकाव्य ‘रामायण’ पर आधारित दो भागों वाली फिल्म का पहला हिस्सा है।

फिल्म की कहानी भगवान राम की यात्रा, उनके वनवास, रावण द्वारा सीता के अपहरण और इसके बाद अच्छाई तथा बुराई की शक्तियों के बीच हुए युद्ध पर आधारित है।

फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस जिमर और ए आर रहमान ने तैयार किया है, जबकि इसके एक्शन दृश्यों की जिम्मेदारी टेरी नोटरी और गाइ नॉरिस ने संभाली है।

इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के सहयोग से किया है।

फिल्म में सनी देओल, अनुपम खेर, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, आदिनाथ कोठारे, अरुण गोविल, कुणाल कपूर, इंदिरा कृष्णन और लारा दत्ता सहित कई अन्य कलाकार भी हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।