
Jharkhand News : रविवार दोपहर तेज बारिश और वज्रपात के दौरान सोनाहातू थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक हादसे में खूंटी वन प्रमंडल में कार्यरत फॉरेस्ट गार्ड रोशन श्रीवास्तव (32) की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद दो अन्य वनकर्मी घायल हो गए।
यह हादसा काला महादेव के समीप उस समय हुआ, जब वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी और बचाव के लिए बनाए जा रहे वॉच टावर का निरीक्षण करने पहुंची थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान अचानक मौसम खराब हो गया। तेज बारिश के साथ हुई जोरदार बिजली गिरने की चपेट में रोशन श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ मौजूद दो अन्य वनकर्मी भी झुलस गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सोनाहातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रोशन श्रीवास्तव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं, घायल दोनों वनकर्मियों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। रोशन श्रीवास्तव बुंडू नगर के निवासी थे और वर्तमान में बुंडू वन कार्यालय में फॉरेस्ट गार्ड के पद पर कार्यरत थे। उनका विवाह करीब तीन वर्ष पहले हुआ था। परिवार में उनकी पत्नी, दो वर्ष की एक बेटी और वृद्ध माता-पिता हैं। वे अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे।

