खूंटी में धारदार हथियार से व्यक्ति की हत्या

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

खूंटी: जिले के सायको थाना क्षेत्र अंतर्गत सलगा गांव के जोरदाग टोला निवासी एक व्यक्ति की बदमाशों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।

पुलिस के मुताबिक जोरदाग टोला निवासी रउतू पहान (50) की अज्ञात बदमाशों ने गुरुवार की रात
टांगी से गले में वार कर हत्या कर दी।

यह मामला शनिवार को उजागर हुआ। बताया गया है कि ग्रामीणों ने शुक्रवार की शाम हत्या की सूचना सायको थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।

शाम हो जाने के कारण शव का पोस्टमार्टम शनिवार को हुआ। इसके बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के भतीजे चमन नाग ने बताया कि प्रतिदिन की तरह गुरुवार रात उसके चाचा रउतू पहान खाना खाकर घर से कुछ दूर स्थित खलियान में बने कुंबा में सोने चले गए थे।

शुक्रवार सुबह जब वे खलियान से घर वापस नहीं लौटे तो परिजन उन्हें तलाशने गये तो देखा कि कुंबा में खून से लथपथ उनका शव पड़ा है।

उसने बताया कि मृतक का कोई बाल-बच्चा नहीं है। किसी के साथ उसकी कोई दुश्मनी भी नहीं थी। ऐसे में उसकी हत्या किसने और क्यों की, यह समझ से परे है।

आशंका यह भी व्यक्त की जा रही है कि मृतक की पैतृक संपत्ति को हड़पने की नीयत से तो उसकी हत्या नहीं कर दी गई। बहरहाल, पुलिस हर बिंदु की जांच-पड़ताल कर रही है।

Share This Article