बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल को जान से मारने की धमकी, धनबाद पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के CMD मनोज कुमार अग्रवाल को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद धनबाद पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर CMD के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।गुरुवार रात सरायढेला थाना की पुलिस टीम सीएमडी मनोज अग्रवाल के आवास पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी किस व्यक्ति ने दी और इसके पीछे क्या मकसद है। धमकी से जुड़े तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।जानकारी के अनुसार, सीएमडी की ओर से फिलहाल पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। इसके बावजूद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अज्ञात नंबर से आए कॉल और धमकी से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस धमकी की घटना को हाल के दिनों में हुई कुछ घटनाओं से जोड़कर भी देख रही है। कतरास के छाताबाद में भूधंसान की घटना के बाद स्थानीय लोगों में BCCL प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली थी। लोगों ने CMD समेत अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था।छाताबाद मामले में बाद में पुलिस ने CMD समेत कई अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसी बीच CMD को मिली धमकी ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, धमकी का छाताबाद की घटना से सीधा संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।इसके अलावा पुलिस अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों की भूमिका को भी जांच के दायरे में रख रही है। अधिकारियों का कहना है कि धमकी के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल व्यक्ति या लोगों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।फिलहाल धनबाद पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। CMD के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस तकनीकी जांच के जरिए धमकी देने वाले तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।