मानगो पुल के बीचों-बीच बना बड़ा गड्ढा, सरयू राय ने जताई चिंता

मानगो पुल के गड्ढे पर सरयू राय ने जताई चिंता, विभाग और टीएसयूआईएसएल से तत्काल मरम्मत की मांग, हादसे की आशंका के बीच अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का दिया भरोसा।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : मानगो पुल के बीचों-बीच बने बड़े गड्ढे को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने चिंता जताई है। सरयू राय ने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय तथा टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व जुस्को) के महाप्रबंधक आर.के. सिंह को गड्ढे की तस्वीर भेजकर इसे तत्काल भरवाने और पुल-पथ की मरम्मत कराने का आग्रह किया है।

सरयू राय के आग्रह पर पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय ने बताया कि पुल की देखभाल का जिम्मा जुस्को/टीएसयूआईएसएल के पास है।

उन्होंने श्री राय को आश्वस्त किया कि यदि वहां से काम नहीं कराया जाता है तो विभाग की ओर से गड्ढे को भरवाने की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, टीएसयूआईएसएल के महाप्रबंधक आर.के. सिंह ने भी श्री राय को आश्वस्त किया कि गड्ढे को भरने के साथ-साथ पुल-पथ की आवश्यक मरम्मत शीघ्र करा दी जाएगी।

सरयू राय ने कहा कि उन्हें दोनों अधिकारियों के आश्वासन पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि गड्ढा भरने का काम कुछ मिनटों का है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।

सरयू राय ने कहा कि इस मामले में तत्काल कार्रवाई इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि करीब 20-25 दिन पहले मानगो छोटा पुल पर इसी तरह का एक गड्ढा जानलेवा साबित हो चुका है।

बारिश का पानी भर जाने के कारण भुईयाडीह का एक मोटरसाइकिल सवार युवक गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाया। मोटरसाइकिल गड्ढे में जाने से वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार ने उसे रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की टीएमएच ले जाने के दौरान मौत हो गई थी।

सरयू राय ने बताया कि वे मृतक युवक के घर भी गए थे। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद परिवार की स्थिति बेहद दयनीय है। उन्होंने कहा कि मानगो पुल पर बना वर्तमान गड्ढा भी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। इसलिए संबंधित विभाग और टीएसयूआईएसएल को इसे यथाशीघ्र भरवाकर पुल को सुरक्षित बनाना चाहिए, ताकि एक और हादसे की पुनरावृत्ति न हो।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।