

रांची: पूर्व मंत्री और कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की की ओर से मोरहाबादी मैदान में आयोजित आदिवासी महाजुटान रैली में रविवार को हजारों की भीड़ उमड़ी। आदिवासी मुद्दों को लेकर आयोजित इस रैली में कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने इसे पार्टी के बड़े शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया।






बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के बीच कांग्रेस ने परिसीमन और खान-खनिज संशोधन विधेयक के विरोध को आदिवासी हितों से जोड़ते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ राजनीतिक माहौल बनाने का प्रयास किया। रैली में हिस्सा लेने के लिए इटकी, बेड़ो, गुमला और सिमडेगा की ओर से आने वाले लोग इटकी रोड और रातू रोड पर रैली की शक्ल में नजर आ रहे हैं।
वहीं खूंटी, तोरपा और पश्चिमी सिंहभूम से पहुंचे लोग बसों और अन्य वाहनों से हरमू मैदान तक पहुंचने के बाद पैदल मोरहाबादी की ओर रवाना हो रहे हैं। इसी तरह कांके रोड, पुरुलिया रोड और बरियातू रोड पर भी लोगों का हुजूम देखने को मिल रहा है। सड़कों पर पारंपरिक वेशभूषा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी और लगातार बढ़ती भीड़ से राजधानी में महाजुटान का असर साफ दिखाई दे रहा है।
