जोकोविच और वीनस यूएस ओपन के पहले दौर में बाहर, पेगुला और मेदवेदेव आगे बढ़े

यूएस ओपन में नोवाक जोकोविच को करियर में पहली बार पहले दौर में हार मिली। मारियानो नावोन ने पांच सेट के मुकाबले में दिग्गज खिलाड़ी को हराया।

6 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

न्यूयॉर्क: दिग्गज खिलाड़ी और रिकॉर्ड 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच अपने करियर में पहली बार यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर में हारकर बाहर हो गए जबकि वीनस विलियम्स का पिछले साल वापसी करने के बाद पहले दौर में हार का सिलसिला जारी रहा। रविवार को चार घंटे 36 मिनट तक चले पांच सेटों के इस मैराथन मैच में जोकोविच को अर्जेंटीना के मारियानो नावोन से 7-6 (5), 5-7, 4-6, 6-2, 6-1 से हार का सामना करना पड़ा। यूएस ओपन के पहले दौर में इससे पहले जोकोविच का रिकॉर्ड 19-0 था और उन्होंने 2006 के ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद से किसी भी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में अपना पहला मैच नहीं हारा था।

जोकोविच ने कहा, ‘‘यह एक अच्छा रिकॉर्ड है। लेकिन मैं इसके बारे में ज्यादा नहीं सोच रहा हूं। बेशक मुझे अतीत की सभी उपलब्धियों पर बहुत गर्व रहा है, लेकिन अब समय बदल गया है।’’ चौथी वरीयता प्राप्त और चार बार के चैंपियन 39 वर्षीय जोकोविच फ्लशिंग मीडोज में काफी परेशान नजर आए। मैच के दौरान उन्हें उल्टी हुई और पैरों में भी तकलीफ हुई। इस बीच उन्होंने 70 बेजा गलतियां की। जोकोविच की पत्नी जेलेना भी स्टेडियम में मौजूद थी और वह भी काफी परेशान नजर आ रही थी। जोकोविच ने कहा, ‘‘आज मैं सहज होकर नहीं खेल पा रहा था। मैं अपने खेल का आनंद नहीं ले रहा था। मैं मैच के चौथे गेम की बाद ही संघर्ष कर रहा था। दुर्भाग्य से इस साल मेरे साथ लगातार ऐसा हो रहा है। मुझे कोर्ट पर उल्टियां हो रही हैं। यह गंभीर मसला बन गया है।’’

जोकोविच यूएस ओपन में तीसरे दौर से पहले कभी नहीं हारे थे। यह उनके करियर में किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के पहले दौर में सबसे लंबी अवधि का मैच था। यूएस ओपन में अपने पदार्पण के ठीक 21 साल बाद मिली इस हार से अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह इस या किसी भी ग्रैंड स्लैम में जोकोविच का आखिरी मैच था। पहले सेट के दौरान उनका मैच बीच में ही रोक दिया गया ताकि बारिश के कारण आर्थर ऐश स्टेडियम की छत को बंद किया जा सके। बचपन से ही जोकोविच को अपना आदर्श मानने वाले नावोन ने मैच के बाद कहा, ‘‘मेरे लिए यह बहुत मुश्किल था क्योंकि आप इस कोर्ट पर सर्वकालिक महान खिलाड़ी के खिलाफ खेल रहे थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘निश्चित रूप से कोर्ट पर यह मेरा अब तक का सबसे बेहतरीन अनुभव रहा है। यह शानदार कोर्ट है और सबसे बड़ा मंच है। जिस तरह से हमने खेल दिखाया वह अद्भुत था। मेरे कहने का मतलब है की पांच सेट तक मैच चला। मैं बहुत खुश हूं और यह बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।’’ इससे पहले तीसरी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला और 11वीं वरीयता प्राप्त मार्टा कोस्त्युक ने महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया।

पेगुला ने एलेना गैब्रिएला रूसे को 6-3, 6-2 से हराया। इस सत्र में सर्वाधिक 46 मैच जीतने वाली पेगुला का अगला मुकाबला वाइल्ड कार्ड से प्रवेश पाने वाली सोफिया केनिन से होगा। पहले दिन का खेल काफी लंबा चला। वीनस और केनिन आधी रात के बाद ही कोर्ट पर उतरीं। केनिन ने 46 वर्षीय विलियम्स को 6-2, 7-6 (6) से हराया।पेगुला ने कहा, ‘‘मैदान में उतरने से पहले मैं बहुत घबराई हुई थी, लेकिन मेरे कोच ने कहा कि मैंने अच्छा प्रदर्शन किया।’’ कोस्त्युक ने स्टॉर्म हंटर को 6-4, 6-1 से हराकर साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की। इससे पहले वह फ्रेंच ओपन और विंबलडन के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी थीं।

पुरुष एकल में 2021 के चैंपियन और सातवीं वरीयता प्राप्त दनिल मेदवेदेव ने ह्यूगो गैस्टन को 6-4, 6-2, 6-4 से हराया। पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले मेदवेदेव ने कहा, ‘‘पिछले कुछ सप्ताह आसान नहीं थे। लेकिन मुझे खुशी है कि आज मैं शानदार प्रदर्शन करने में सफल रहा।’’ अमेरिका के 20वीं वरीयता प्राप्त टॉमी पॉल ने कोलमैन वोंग से पहले सेट के टाईब्रेक में हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए 6-7 (3), 6-1, 6-3, 6-3 से जीत हासिल की। पुरुष एकल में 15वीं वरीयता प्राप्त एलेक्जेंडर बुब्लिक ने जेजे वुल्फ को हराया जबकि 2014 के चैंपियन मारिन सिलिच और 2022 के उपविजेता कैस्पर रूड दोनों चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट से हट गए।महिला वर्ग में जीत हासिल करने वाली अन्य खिलाड़ियों में नौवीं वरीयता प्राप्त एलिना स्वितोलिना, 19वीं वरीयता प्राप्त जैस्मीन पाओलिनी और 31वीं वरीयता प्राप्त लेयला फर्नांडीज (2021 की यूएस ओपन की उपविजेता) शामिल थीं। महिला एकल के पहले दौर में उलटफेर भी देखने को मिला क्योंकि दो बार की ग्रैंड स्लैम एकल चैंपियन और 27वीं वरीयता प्राप्त बारबोरा क्रेज्सिकोवा, कामिला रखिमोवा से 7-6 (4), 6-2 से हार गईं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।