

रवीना टंडन की बेटी और अभिनेत्री राशा थडानी अपने करियर के शुरुआती दौर में ही लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं। उनकी डेब्यू फिल्म ‘आजाद’ बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन इसके गाने ‘उई अम्मा’ ने राशा को जबरदस्त पहचान दिलाई। अब उनकी अगली फिल्म ‘लड़की लड़का’ को लेकर नई जानकारी सामने आई है।





फिल्म में जोड़ा जा सकता है खास डांस नंबर
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘लड़की लड़का’ में राशा के लिए एक स्पेशल डांस नंबर जोड़ने की योजना बनाई जा रही है। बताया जा रहा है कि मेकर्स एक नया गाना अलग से शूट करने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, इस डांस नंबर की थीम, शूटिंग और रिलीज को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। मेकर्स ने भी अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
एडिटिंग के बाद सामने आईं कुछ कमियां
फिल्म की एडिटिंग के दौरान निर्देशक सौरभ गुप्ता ने कुछ सीन्स देखे। रिपोर्ट के अनुसार, वह इन हिस्सों के फाइनल रिजल्ट से पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे। इसके बाद फिल्म के कुछ सीन दोबारा शूट करने का फैसला लिया गया है, ताकि पर्दे पर कहानी और कलाकारों की परफॉर्मेंस को बेहतर तरीके से पेश किया जा सके।
राशा और अभय के साथ होगा री-शूट
री-शूट किए जा रहे हिस्सों में राशा थडानी और अभय वर्मा के सीन शामिल बताए जा रहे हैं। दोनों कलाकार इन दिनों दोबारा शूटिंग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह नया शूटिंग शेड्यूल करीब 20 दिनों का है।
बजट और रिलीज शेड्यूल पर पड़ेगा असर
करीब तीन सप्ताह से ज्यादा चलने वाला यह री-शूट फिल्म के बजट और पहले से तय शूटिंग शेड्यूल को प्रभावित कर सकता है। वहीं, अगर राशा का स्पेशल डांस नंबर भी फिल्म का हिस्सा बनता है, तो यह उनकी बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए दर्शकों के लिए एक और आकर्षण साबित हो सकता है।
