


रांची : जमशेदपुर के प्रसिद्ध आर्थोपेडिक चिकित्सक डॉ. अमित मुखर्जी जी के निधन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने शोक जताया है। मंगलवार को अपने शोक संदेश में अर्जुन मुंडा ने कहा कि उनके निधन का दुःखद समाचार पाकर अत्यंत मर्माहत हूं। पिछले तीस वर्षों से उनके साथ मेरा आत्मीय संबंध रहा। एक कुशल चिकित्सक होने के साथ-साथ वे अत्यंत संवेदनशील, सहज और सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्तित्व थे। सामाजिक कार्यों में उनकी सक्रिय सहभागिता और सेवाभाव सदैव स्मरणीय रहेगा। लंबे समय से कैंसर से संघर्ष करते हुए आज वे हमारे बीच नहीं रहे। उनका जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और शोकाकुल परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। ॐ शांति।





